Skip to main content

घोटालेबाजों,भ्रष्टाचारियों को बचाने केलिए झारखंड पुलिस काम कर रही….बाबूलाल मरांडी

पुलिस विभाग राज्य में वसूली गैंग बन गया है।

माननीय उच्च न्यायालय स्वतः संज्ञान लेकर जांच करे

झारखंड सरकार में आज कोई सुरक्षित नहीं

अपहृत बच्चों को सुरक्षित खोज निकालने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिले सरकारी इनाम राशि

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार पर बड़ा निशाना साधा।

श्री मरांडी ने जलापूर्ति योजना में हुए घोटाले की जांच ने ईडी की कार्रवाई पर झारखंड पुलिस की कार्रवाई और भ्रष्टाचार के मामले में एसीबी की कार्रवाई दोनों पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।

शराब घोटाले में एसीबी की कार्रवाई पर श्री मरांडी ने कहा कि इनकी तत्परता केवल मैच फिक्सिंग है।पहले ये सक्रियता दिखाते हैं फिर जानबूझकर चार्जशीट नहीं करते ताकि घोटालेबाजों,अपराधियों को बेल मिल जाए। और ऐसा ही आईएएस अधिकारी विनय चौबे ,सुधीर कुमार,नीरज कुमार ,महेश ,परेश ठाकोर,विक्रम ठाकुर को डिफॉल्ट बेल मिल गया।

कहा कि दिखावे केलिए एसीबी जिस तत्परता से गिरफ्तार करती है,उस तत्परता से 90 दिनों में चार्जशीट दाखिल नहीं करती। ये जानबूझकर ऐसा करते हैं।पहले सूचना करवाते हैं,फिर लेनदेन तय होता है फिर गिरफ्तारी का नाटक होता है। बड़ा अच्छा धंधा बना लिया है राज्य की एसीबी ने।

कहा कि दूसरी ओर ईडी जब अपराधियों पर कार्रवाई कर रही तो राज्य पुलिस ईडी के अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर रही।

कहा कि विगत वर्षों में हुए जलापूर्ति घोटाले में संतोष कुमार हाजिर नहीं हो रहा था।कई बार ईडी ने पूछताछ केलिए बुलाया था। पिछले सोमवार को अचानक संतोष कुमार ईडी के सामने प्रकट होते हैं। पूछताछ में जब अपने पहले वाले जवाब के उल्टा बोलते हैं तो ईडी ने उनकी पत्नी से भी पूछने की बात कही इतने पर से अपना सिर दीवार पर पटकते हैं, चोट आती है उसकी चिकित्सा कराई गई।वे सामान्य स्थिति में घर लौटते हैं।

कहा कि मंगलवार को संतोष कुमार ने एयरपोर्ट थाना में ईडी पर मुकदमा दर्ज करा दिया।और आज सुबह सुबह झारखंड पुलिस ईडी कार्यालय पहुंच गई।

उन्होंने कहा कि ये क्या हो रहा,ऐसा लग रहा इसीलिए नए डीजीपी को बनाया गया है ताकि घोटालेबाजों को बचाया जाए ।

कहा कि यही एसीबी है जो तत्परता से गिरफ्तार करती है और रात को टेंपो से फाइल ढोती है ताकि घोटालेबाजों को बचाया जाए।

कहा कि राज्य में अराजकता,लूट,भ्रष्टाचार की भयावह स्थिति है।यहां कोई सुरक्षित नहीं।भाजपा ऐसा नहीं चलने देगी।झारखंड की सुरक्षा केलिए जगाना होगा।

उन्होंने राज्य के माननीय उच्च न्यायालय से अनुरोध किया कि इन बातों का स्वतः संज्ञान लेकर जांच किया जाए। ऐसे मामलों की सीबीआई जांच हो।

श्री मरांडी ने धुर्वा से अपहृत बच्चों की बरामदगी पर कहा कि आज झारखंड पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही, हटिया डीएसपी पटाखे फोड़ रहे। डीजीपी ने तो कानून की मर्यादा ही तोड़ दी। बच्चों को सीडब्लूसी न भेजकर सीधे गोद में बिठाकर प्रेसवार्ता कर रही।

कहा कि 2जनवरी से 8जनवरी तक लापता बच्चे धुर्वा, हटिया में थे,लेकिन पुलिस का खुफिया तंत्र विफल रहा।अंत में मीडिया और राजनीतिक दबाव में बातें फैली।सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रयास किया।और जिसका परिणाम है कि बच्चे सकुशल वापस आ गए।
कहा कि घोषित इमाम की राशि सामाजिक कार्यकर्ता सचिन प्रजाति,डब्लू साहू,सन्नी को मिलनी चाहिए। राज्य सरकार द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाय।

उन्होंने आशंका व्यक्त की पुलिस अधिकारी अपनी प्रशंसा में और रिकॉर्ड में दर्ज कराने केलिए इनाम को अपने खाते में डालेंगे।अगर ऐसा हुआ तो भाजपा विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस सक्रिय होती तो राज्य के 413बच्चे अभी तक लापता नहीं रहते।

प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता अजय साह , विजय चौरसिया भी उपस्थित थे।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के प्रयास से लापता बच्चे हुए बरामद, पुलिस थपथपा रही अपनी पीठ….बाबूलाल मरांडी

भाजपा निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 12 दिनों से लापता बच्चे बरामद हुए, इसमें दो राय नहीं कि पुलिस ने काफी मेहनत की, दिन-रात एक कर दिया। इसी का परिणाम है कि यह बात गांव-गांव तक फैल गई और लोग इन बच्चों को ढूँढने में लग गये। अंततः बजरंग दल के युवाओं ने ही इन बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला।

कहा कि रामगढ़ के चितरपुर से बजरंग दल के कार्यकर्ता सचिन प्रजापति, डबलु साहु, सन्नी और उनके साथियों ने जिस दिलेरी से बच्चों को बरामद किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। तस्वीरें आपके सामने हैं, मैंने पहले भी पोस्ट किया था।इन तस्वीरों को देखकर कोई भी हकीकत और बयानबाज़ी के बीच के फ़ासले को आसानी से समझ सकता है कि सच क्या है और कुछ पुलिस वाले इसे किस तरीके से परोस कर पूरी वाहवाही हड़पने का घटिया प्रयास कर रहे हैं।

कहा लेकिन पुलिस की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखकर चंद सवाल उभरते हैं। पुलिस ने अपनी पीठ तो थपथपा ली, लेकिन बरामद करने वाले बजरंग दल के इन युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए चंद शब्द तक नहीं कहे। अब श्रेय लेने की होड़ मचेगी और मनचाहे लोगों को चुन-चुन कर पुरस्कार बांटे जाएंगे।

कहा कि वे चाहेंगे कि पुलिस अपनी गलती सुधारे और इन युवाओं को बुलाकर सम्मानित करे, ताकि आगे भी लोग मदद के लिए आगे आएं।
दूसरों की पहचान और मेहनत को खा जाना एक ‘दलाल संस्कृति’ है और इससे बचा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने भी जो प्रशासन की प्रशंसा के पुल बांधे हैं, ऐसा लगता है कि उन्हें भी अधिकारियों ने सही जानकारी नहीं दी है। उन्हें भी धरातल की सच्चाई पता कर अपने सोशल मीडिया पोस्ट में संशोधन करना चाहिए और असली नायकों को सम्मान देना चाहिए।

कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो मान लिया जाएगा कि यह व्यवस्था संवेदनहीन थी, है और रहेगी। पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा इन बातों का ख्याल न रखा जाना निंदनीय और शर्मनाक है।

बूथ के कार्यकर्ता ही पार्टी की पूंजी हैं, उनके साथ खड़ा रहूंगा…..आदित्य साहू

झारखंड की अस्मिता और पहचान बचाने केलिए पार्टी संकल्पित

केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का जताया आभार

आदित्य साहू के नेतृत्व झारखंड में बनेगी भाजपा की सरकार….जुएल उरांव

नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में मजबूत होगी प्रदेश भाजपा….बाबूलाल मरांडी

प्रदेश भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू एवम राष्ट्रीय परिषद के 21 निर्वाचित सदस्यों की आज के चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विधिवत घोषणा की। इस अवसर पर पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी,संजय सेठ,पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधुकोड़ा,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी एन सिंह,दिनेशानंद गोस्वामी, अभयकांत प्रसाद,यदुनाथ पांडेय,दीपक प्रकाश,संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, सांसद बी डी राम,मनीष जयसवाल, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल,सचेतक राज सिन्हा,नागेंद्र महतो, प्रदेश चुनाव सह अधिकारी गणेश मिश्र,दुर्गा मरांडी,सुनीता सिंह,सहित पार्टी के सांसद,विधायकगण,पूर्व सांसद,पूर्व विधायक गण,पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष गण विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी गण सहित हजारों की संख्या में पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम संचालन प्रदेश महामंत्री,चुनाव अधिकारी सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने और धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।

विषय प्रवेश कराते हुए डॉ प्रदीप वर्मा ने पिछले 22 दिसंबर 2024 से झारखंड में भाजपा के चल रहे संगठन पर्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश और प्रदेश नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के परिश्रम और प्रयास से बूथ से लेकर प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया विधिवत संपन्न हुई। उन्होंने सभी का आभार प्रकट किया।

अपने उद्गार व्यक्त करते हुए नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कहा कि आज मैं भाजपा रूपी मां के प्यार और दुलार से अत्यंत रोमांचित हो रहा हूं, निः शब्द हूं। एक मां ने शरीर से जन्म दिया लेकिन दूसरी मां पार्टी ने मुझे समाज जीवन में पहचान दी और प्रसिद्धि दी।

कहा कि आज के अवसर पर अपने केंद्रीय नेतृत्व भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा,कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन,गृह मंत्री अमित शाह जी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जी के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हुए बाबा बैजनाथ,बाबा वासुकीनाथ, बाबा वंशीधर ,बाबा टांगीनाथ, आंजन धाम,बाबा आम्रेश्वर ,माता छिन्नमस्तिका, माता भद्रकाली,माता सरना और राज्य के समस्त जाहिर थान ,मांझी थान जैसे पवित्र स्थलों देवी देवताओं को प्रणाम करता हूं।

कहा कि मैं आज के अवसर पर झारखंड के वीर सपूत भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हो, जतरा टाना भगत, तिलका मांझी, शेख भिखारी ,बुद्धू भगत जैसे अमर शहीदों के प्रति भी अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

कहा कि अपनी व्यस्तताओं के बीच दिल्ली से चलकर रांची आए केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव अधिकारी श्रीमान जुएल उरांव जी का विशेष आभार प्रकट करता हूं। साथ ही संगठन पर्व की जिम्मेवारी संभाल रहे हमारे साथी प्रदेश महामंत्री एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा जी, और उनके साथ श्री गणेश मिश्र जी,श्रीमती सुनीता सिंह का भी आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने बूथ से लेकर जिला और प्रदेश की सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने में अपनी महती भूमिका निभाई।

कहा कि मैं एक अदना सा कार्यकर्ता , कुचु बूथ पर पर वोट की पर्ची काटने का काम करता था लेकिन भाजपा ही है जो साधारण से साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के शीर्ष तक पहुंचा सकती है। दूसरे किसी दल में यह संभव नहीं। मैं देश के उच्च सदन राज्य सभा का सदस्य बना तो भी मुझे यह अहसास नहीं हुआ जैसा आज महसूस कर रहा हूं। मंच पर बैठे हमारे अभिभावक मार्गदर्शक श्रीमान बाबूलाल मरांडी जी जो झारखंड राज्य के एक धरोहर हैं, जिनके पास संगठन और सरकार चलाने के गहरे अनुभव हैं, ऐसे वरिष्ठ व्यक्तित्व के साथ कार्य करना और फिर दायित्व ग्रहण करना ऐसा लग रहा जैसे एक बड़े भाई ने अपने अनुज को जिम्मेवारी सौंपी हो।

कहा कि मैं सौभागशाली हूं कि संगठन के पास अनुभवी और प्रभावशाली नेतृत्व का खजाना है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार का नेतृत्व करने वाले श्रीमान अर्जुन मुंडा जी , संगठन और सरकार दोनों का प्रदेश स्तर पर सफल नेतृत्व करने वाले विकास पुरुष श्रीमान रघुवर दास जी , पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा जी, चंपई सोरेन जी जैसे नेतागण का अनुभव है। पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष पद्मविभूषण कड़िया मुंडा जी,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद जी,पी एन सिंह जी,श्री यदुनाथ पांडेय जी,डॉ रविंद्र कुमार राय जी डॉ दिनेशानंद गोस्वामी जी, दीपक प्रकाश जी का कुशल मार्गदर्शन है। और साथ में ऐसे मजबूत नींव के पत्थर हैं जिन्होंने संगठन कार्य केलिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है श्रीमान नागेंद्र त्रिपाठी जी, श्रीमान कर्मवीर सिंह जी जिनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी वैचारिक और सांगठनिक कार्यों को गति दे रही है। मैं आज के अवसर पर सभी महानुभावों का आभार प्रकट करते हुए जोहार नमस्कार करता हूं।

कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे एक सुसज्जित सेना की अगुवाई करने के योग्य पार्टी ने मुझे समझा है। यह बड़ा ही गुरुत्तर दायित्व है परंतु आप सभी के प्यार स्नेह और ताकत के बल पर अपना क्षण क्षण और कण कण पार्टी को समर्पित करने की कोशिश करूंगा। मैं भले शरीर से अगली पंक्ति में बैठा दिखूंगा लेकिन मेरा मन हमेशा पार्टी के अंतिम पायदान पर,बूथों पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं से जुड़ा रहेगा। क्योंकि वही कार्यकर्ता पार्टी का आधार है,बुनियाद है। उसी के बल पर पार्टी ऊंचाइयों को छूती है। मैं कोशिश करूंगा कि वैसे जमीनी कार्यकर्ताओं के सुख दुख का सहभागी बन पाऊं। ईश्वर मुझे ऐसी ताकत प्रदान करें ऐसी प्रार्थना करता हूं।

कहा कि झारखंड के कार्यकर्ताओं केलिए अभी संघर्षों और चुनौतियों का समय है। हम सभी को झारखंड में सरकार बनाने की नहीं बल्कि आज झारखंड की अस्मिता,संस्कृति को बचाने की चुनौती है। और भले ही हम विरोधियों के झूठ फरेब के कारण सरकार नहीं बना पाए लेकिन जनता का भरोसा आज भी भाजपा के ऊपर है। राज्य की जनता हम पर उम्मीद भरी नजरों से देख रही।सभी को पता है कैसे आए दिन घोटाले उजागर हो रहे है।राज्य के जल जंगल जमीन पर डाका डाला जा रहा। लैंड जिहाद, लव जिहाद के सहारे कैसे गरीब आदिवासी दलित की जमीन लूटी जा रही।कैसे उन्हें उनकी परंपरा ,संस्कृति से काटने का लगातार बड़े पैमाने पर षडयंत्र चल रहा। राज्य घुसपैठियों की शरण स्थली बन गया है। घुसौपैठियों को सत्ता का खुल्लमखुल्ला संरक्षण प्राप्त है।

कहा कि इतना ही नहीं लंबे इंतजार के बाद राज्य सरकार ने जो पेसा नियमावली बनाई उसने आदिवासी समाज की आत्मा पर ही प्रहार कर दिया।अबुआ सरकार के नाम पर जनता को केवल धोखा मिल रहा। ऐसे में हमारी जिम्मेवारी ज्यादा है। एक साथ हमे दो दो जिम्मेवारी निभानी है। संगठन को सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी,सर्व समावेशी बनाकर और मजबूत करना है दूसरी ओर राज्य की भ्रष्ट निकम्मी सत्ता से जनता को मुक्ति दिलानी है। रामचरित मानस में कहा है… राम काज किन्हें बिना मोहि कहां विश्राम

कहा कि देश को राष्ट्र विरोधी ताकतों,विचारों से मुक्ति दिलाना ,सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को स्थापित करना, अंत्योदय को साकार करना यह हमारा लक्ष्य है। मां भारती तभी विश्वगुरु के रूप में फिर से प्रतिष्ठित होगी जब भारत विकसित भारत,आत्म निर्भर भारत बनेगा।

कहा कि हम सब को अपने परिश्रम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत बनाने के संकल्प को सिद्धि में बदलना है। इसके लिए झारखंड को भी विकसित बनाना है।बिना विकसित झारखंड के विकसित भारत नहीं बन सकता।
हमें अपने अपने स्तर से इस राम काज में गिलहरी की भांति छोटे छोटे प्रयास करने हैं। छोटे छोटे प्रयासों से ही बड़े संकल्प की सिद्धि होती है।भाजपा का संकल्प बेदाग है निश्छल है,आप सभी के सहयोग से यह संकल्प अवश्य पूरा होगा।

उन्होंने राज्य के सभी कार्यकर्ताओं,शुभचिंतकों के प्रति अपना आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू जी एक सहज सरल व्यक्तित्व के धनी हैं।इन्होंने अपने परिश्रम और समर्पण से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने श्री साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड को विकसित झारखंड,अटल जी के संकल्पों का झारखंड बनाने केलिए भाजपा की सरकार बनानी है। कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी।और झारखंड में भाजपा एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने श्री आदित्य साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने श्री साहू को बूथ ,मंडल,जिला और प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष के रुप में गंभीरता पूर्वक कार्य करते हुए देखा है। जन समस्याओं,कार्यकर्ताओं के सुख दुख के प्रति इनकी संवेदशीलता सराहनीय है।

कहा कि झारखंड गठन के संकल्प अभी अधूरे हैं। राज्य की वर्तमान सरकार ने झारखंड को गर्त में धकेल दिया है।विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस वसूली में मस्त है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार झारखंड की समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रही है। अभी भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।आगे की अधूरी लड़ाई हम सब नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू जी के नेतृत्व में लड़ेंगे और इस भ्रष्ट निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के जल जंगल जमीन की सुरक्षा की लड़ाई अब भाजपा कार्यकर्ता आदित्य जी के नेतृत्व में लड़ेंगे और ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे। उन्होंने यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने परिश्रम और अनुभवों से भाजपा को एक नई पहचान दी है।इनके अधूरे कार्यों को नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू जी पूरा करेंगे।झारखंड भाजपा का एक मजबूत संगठन खड़ा होगा।और पार्टी जन आकांक्षाओं पर खरी उतरेगी।

पूर्व केंद्रित मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि नए अध्यक्ष का चयन शुभ मुहूर्त में हो रहा है। उन्होंने बधाई शुभकामनाएं दी और कहा कि आदित्य साहू जी के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। और इनके नेतृत्व में झारखंड अपनी चुनौतियों से निकलकर बाहर आयेगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी एन सिंह ने आदित्य साहू जी को बधाई शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये भाजपा के हीरा जैसे बहुमूल्य कार्यकर्ता हैं जिन्हें उन्होंने 20 वर्ष पूर्व ही पहचान लिया था।

एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हम सब मिलकर इनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करेंगे और जोर शोर से झारखंड की सत्ता में आएंगे।

विधायक सीपी सिंह ने भी अपने संबोधन से नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई शुभकामनाएं दी।

बधाई शुभकामनाएं देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,विकास प्रीतम, आरती कुजूर, भानु प्रताप शाही, बड़कुवर गगराई,प्रदेश मंत्री सरोज सिंह,सीमा पासवान, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, हेमंत दास,शिवपूजन पाठक ,योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक,प्रवक्ता अजय साह,रमाकांत महतो,राफिया नाज,विजय चौरसिया,जेबी तुबिद,गीता कोड़ा,महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, रांची पूर्वी और पश्चिमी जिला के अध्यक्ष विनय महतो धीरज,नरेंद्र सिंह, सहित सभी जिलों के जिला अध्यक्ष गण,जिला ,मंडल के पदाधिकारी गण,मोर्चों के पदाधिकारी सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्विट्जरलैंड,इंग्लैंड की पर्यटन यात्राओं पर जाने से पहले स्वीडन, स्पेन यात्रा की उपलब्धियां बताएं मुख्यमंत्री जी – प्रतुल शाह देव

2025 के स्वीडन और स्पेन यात्रा से आए निवेश का श्वेत पत्र तो जारी करती सरकार

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने मुख्यमंत्री जी की आगामी स्विट्ज़रलैंड और इंग्लैंड की पर्यटन यात्रा पर शुभकामनाएं दी।प्रतुल ने कहा कि शौक बड़ी चीज है। मुख्यमंत्री जी को भी हर नागरिक के तरह सैर सपाटे करने का पूरा अधिकार है ।भले ही वह करदाताओं के पैसे पर क्यों ना हो।

प्रतुल ने कहा कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री जी एक प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व करते अप्रैल 2025 में स्वीडन और स्पेन की भी यात्रा कर आए थे। स्पेन पर्यटन के क्षेत्र में दुनिया का सबसे अग्रणी देश में माना जाता है। वह समय ला लीगा फुटबाल लीग और बुल फाइटिंग का भी सीजन था। इसे इत्तेफाक कहें या मुख्यमंत्री जी का शौक कि मुख्यमंत्री जी ने जितनी देशों की यात्राएं की है,सब पर्यटन के दर्शनीय स्थलों के लिए जाने जाते है।

प्रतुल ने कहा कि हेमंत सरकार ने अपने पहले दौरे के बाद बड़ी-बड़ी घोषणा की थी की हजारों करोड़ का निवेश आएगा। समय बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई भी निवेश धरातल पर नहीं उतर रहा है। राज्य सरकार को इस मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए कि आखिरकार इन यात्राओं पर जो भारी भरकम खर्च होता है उसका प्रतिफल क्या आता है।

प्रतुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी चाहते तो इसे सीधे तौर पर पर्यटन या निजी यात्रा का भी नाम दे सकते थे ।लेकिन इसको सरकारी दौरा बनाने के लिए एक लंबा चौड़ा नेगेटिव गढ़ा गया। प्रतुल ने कहा कि झारखंड को 6 वर्षों में मुख्यमंत्री जी को इस कदर औद्योगिक क्षेत्र में इतना समृद्ध बनाना चाहिए था कि लोग निवेश करने के लिए झारखंड आते। निवेश के लिए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। झारखंड के स्थानीय लघु और मध्यम उद्योगों की स्थिति किसी से छिपी भी नहीं है। हजारों उद्योग रुग्ण उद्योग की श्रेणी में आ गए हैं और राज्य सरकार का इन पर कोई ध्यान नहीं है।

एसीबी जांच एजेंसी की तरह नहीं वसूली एजेंट की तरह काम कर रही….बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में एसीबी द्वारा की जा रही शराब घोटाले की जांच के नाम पर यहां ‘घोटाले में भी घोटाला’ हो रहा है।

कहा कि एसीबी द्वारा इस मामले में की जा रही गिरफ्तारी का असली मकसद आरोपियों के बीच सिर्फ डर पैदा करना और ‘रेट’ तय करना है। जैसे ही पर्दे के पीछे ‘डील’ पक्की होती है और पैसे पहुँच जाते हैं, वैसे ही जानबूझकर चार्जशीट रोक दी जाती है ताकि इन ‘बड़ी मछलियों’ को आसानी से जमानत मिल जाए।

कहा कि एसीबी अब जांच एजेंसी नहीं, बल्कि वसूली एजेंट की तरह काम कर रही है। जनता की आंखों में धूल झोंकने वाले इस खेल को अब सिर्फ केंद्रीय एजेंसियां ही रोक सकती हैं। लगता है कि अभी सबसे जरूरी तो शराब घोटाले की जांच में शामिल रहे लोगों के द्वारा ‘किये गए जांच’ की भी उच्चस्तरीय जांच की आवश्यकता है।

कहा कि माननीय न्यायालय संज्ञान ले और शराब घोटाले की जांच तुरंत सीबीआई और ईडी से कराने का आदेश दे, तभी झारखंड को लूटने वाले असली गुनाहगारों को सजा दिलाई जा सकती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केलिए एक और राष्ट्रीय परिषद केलिए 21 नामांकन हुए प्राप्त…..जुएल उरांव

कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने किया प्रदेश अध्यक्ष केलिए नामांकन

प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित 10 नेता बने प्रस्तावक

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो बने (प्रेजेंटर) प्रस्तुतकर्ता

14 जनवरी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की होगी विधिवत घोषणा

2 बजे अपराह्न हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में आयोजित है कार्यक्रम

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज संगठन पर्व के अंतिम चरण में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव हेतु गहमागहमी रही।केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर रांची पहुंचे केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव 11 बजे पूर्वाह्न नामांकन कार्य को संपन्न कराने हेतु प्रदेश कार्यालय पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी,संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ प्रदीप वर्मा सह चुनाव अधिकारी गणेश मिश्र,सुनीता सिंह से बात की और नामांकन के निर्धारित समय 12 बजे अपराह्न से 2 बजे तक नामांकन कक्ष में बैठकर नामांकन प्राप्त किया।

नामांकन की अवधि समाप्त होने के बाद मीडिया से बात करते हुए जुएल उरांव ने कहा कि नामांकन की समय सीमा के भीतर आज 2 बजे अपराह्न तक प्रदेश अध्यक्ष केलिए 1 और राष्ट्रीय परिषद सदस्य केलिए 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन पत्र के (प्रेजेंटर प्रस्तुतकर्ता) बने।

बताया कि प्रदेश अध्यक्ष केलिए कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने नामांकन किया जिनके प्रस्तावक प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी,पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा,केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो,प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम,बालमुकुंद सहाय,प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह,प्रवक्ता रमाकांत महतो,महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती आरती सिंह बने हैं।

कहा कि इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद केलिए 21 नामांकन प्राप्त हुए जिसमें श्री कड़िया मुंडा,अर्जुन मुंडा,समीर उरांव,यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन,संजय सेठ,रघुवर दास,दिनेशानंद गोस्वामी,मधुकोड़ा,पशुपति नाथ सिंह,रविन्द्र कुमार राय,अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम,अभयकांत प्रसाद,प्रदीप वर्मा अनंत ओझा,दीपक प्रकाश,श्रीमती अन्नपूर्णा देवी,गीता कोड़ा शामिल हैं।

श्री उरांव ने कहा कि कल 2 बजे अपराह्न हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश अध्यक्ष एवम राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा की जाएगी।

भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने जारी किए प्रदेश अध्यक्ष एवम राष्ट्रीय परिषद के चुनाव की समय सारणी

13 और 14 जनवरी दो दिनों में संपन्न होगी चुनाव की प्रक्रिया…प्रदीप वर्मा

कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चिपकाया नोटिस।

आज देर शाम आयेंगे राज्य चुनाव अधिकारी श्री जुएल उरांव

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवम सांसद प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ प्रदीप वर्मा ने आज प्रेसवार्ता कर प्रदेश अध्यक्ष एवम राष्ट्रीय परिषद के सदस्य गण के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।

डॉ वर्मा ने बताया कि पिछले एक वर्ष से झारखंड में भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। प्राथमिक ,सक्रिय सदस्यता अभियान के साथ बूथ समिति,मंडल और जिला अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई है।अब संगठन पर्व के अंतिम चरण में आगामी 13 और 14 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष एवम राष्ट्रीय परिषद के सदस्यगण का चुनाव होगा।

कहा कि इसके लिए राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ के लक्ष्मण ने राज्य चुनाव अधिकारी के रूप में केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव को नियुक्त किया है।

कहा कि जुएल उरांव जी 12 जनवरी को देर शाम रांची पहुंचेंगे।13जनवरी को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष एवम राष्ट्रीय परिषद के सदस्य का नामांकन होगा। दोपहर 2 बजे 3 बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी होगी। शाम 5 बजे तक इसी दिन नामांकन वापसी भी हो सकेगी।

बताया कि 14 जनवरी को 2 बजे अपराह्न हरमू रोड स्थित कार्निवाल हॉल में नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य गण के नामों की विधिवत घोषणा होगी। यदि प्रदेश अध्यक्ष केलिए एक से अधिक नामांकन पत्र स्वीकृत होने की स्थिति में मतदान कराए जाएंगे।

इस प्रकार 14 जनवरी को भाजपा झारखंड के संगठन पर्व का विधिवत समापन होगा।

मांग आधारित नहीं बल्कि आवश्यकता आधारित योजनाओं पर केंद्रित है जी राम जी …..मनोहरलाल खट्टर

गांव के समुचित विकास से पूरा होगा विकसित भारत का संकल्प

योजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त करने की दिशा में आधुनिक तकनीक का उपयोग अनिवार्य

राज्यों की भागीदारी बढ़ाकर जिम्मेवारी बढ़ाई गई है

गांव,गरीब,मजदूर,किसान के हित में है जी राम जी अधिनियम

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की ।बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय ऊर्जा,आवास और शहरी विकास मंत्री हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जी शामिल हुए।

कार्यशाला में अधिनियम के संबंध में कांग्रेस पार्टी और विपक्षियों के द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने तथा अधिनियम की विशेषताओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने केलिए जिला स्तर पर बनाई गई समिति जिलों की कार्यशाला में भाग लेने वाले वक्तागण शामिल हुए।

कार्यशाला और प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मनोहर लाल खट्टर ने अधिनियम की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

श्री खट्टर ने कहा कि वी बी जी राम जी, अधिनियम 2025 ग्रामीण रोजगार को सतत विकास का साधन बनाने वाला है।यह अधिनियम विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप है।

उन्होंने कहा कि कमजोर प्रशासनिक व्यवस्था ,भ्रष्टाचार और विकास उन्मुख दृष्टिकोण की कमी के कारण मनरेगा का दीर्घकालिक प्रभाव कमजोर होता चला गया।

कहा कि काम के आवंटन की मांग आधारित प्रणाली खुली हुई थी जिसके कारण वित्तीय असंतुलन पैदा होता था।मांग आधारित व्यवस्था के कारण कई बार अधिकारियों को आवश्यक योजनाओं का सृजन करना पड़ता था। जिसमें सरकारी धन और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। जबकि अब अधिनियम में विकसित भारत के संकल्पों को उतारने केलिए गांव की आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं की स्वीकृति का प्रावधान किया गया है।

कहा कि अब ग्रामीण कार्यों की योजना विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं के माध्यम से बनाई जाएगी।ब्लॉक जिला और राज्य स्तर पर समेकित किया जाएगा।

कहा कि वार्षिक रोजगार गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है यह केवल काम के दिन ही नहीं बढ़ाए गए बल्कि मजदूरों को शीघ्र परिश्रमिक मिलने का प्रावधान भी किया गया है। रोजगार नहीं मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता का प्रावधान भी किया गया है।

कहा कि आवश्यकता अनुरूप योजनाओं के निर्माण को चार श्रेणियां में विभाजित किया गया है।जिसमें जल सुरक्षा ,प्रबंधन,कोर ग्रामीण अवसंरचना निर्माण,आजीविका से संबंधित संरचना निर्माण,मौसम के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का सृजन जिससे समन्वित राष्ट्रीय विकास को गति मिलेगी।

कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस की सरकार से ज्यादा रूपये मनरेगा में खर्च किए। महिलाओं की भागीदारी 56.74%तक बढ़ाई,आधार सीडेड सक्रिय श्रमिक 76लाख से 12.11 करोड़ तक बढ़ाया,लेकिन डिजिटल टैगिंग नहीं होने के कारण गबन जारी रहा। झारखंड,पश्चिम बंगाल,पंजाब जैसे राज्यों की ऑडिट रिपोर्ट ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार उजागर किए हैं।

कहा कि नए अधिनियम में एआई आधारित निगरानी,केंद्र राज्य स्तरीय संचालन समितियां,पंचायतों की निगरानी,जीपीएस आधारित निगरानी ,योजनाओं का साप्ताहिक सार्वजनिक प्रकटीकरण जैसे प्रावधान किए गए हैं।

कहा कि इस अधिनियम में राज्यों की भागीदारी 60:40 अनुपात में बढ़ाया गया है ताकि राज्य अपनी भूमिका सुनिश्चित कर सके।

कार्यशाल को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आजकल कांग्रेस पार्टी को गांधी नाम से ज्यादा प्रेम झलक रहा।जबकि गांधी के आदर्शों से उनका कुछ भी लेना देना नहीं।

कहा कि रामराज्य केलिए गांधी के आदर्शों पर चलना जरूरी है।मोदी सरकार गांधी के आदर्शों के अनुरूप भारत का विकास कर रही ।

कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के प्रयासों से कांग्रेस पार्टी परेशान है।

कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अधिनियम के विरोध में उपवास का नाटक कर रही।जबकि कांग्रेस की नाकामियों के कारण 65 वर्षों तक लाखों लोगों को भूख में सोने की मजबूरी होती थी।

कहा कि कांग्रेस को भ्रष्टाचार पसंद है।कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी,पोषक और संरक्षक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जी राम जी अधिनियम की बातों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला को क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर मंचस्थ पदाधिकारियों का स्वागत सह संयोजक पवन साहू,सीमा सिंह बिपिन बिहारी सिंह, आदि ने किया।

आगामी 15,16और 17 जनवरी को सभी जिलों में कार्यशाला का आयोजन होगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय ने हुआ सभी नव निर्वाचित 27 जिला अध्यक्षों का अभिनंदन

प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू,क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अंगवस्त्र एवं माला से किया स्वागत, यशस्वी कार्यकाल केलिए की मंगलकामनाएं

सांगठनिक कार्यों को धरातल पर उतारने का मिला संदेश

राज्य में एसआईआर के कार्यों को धरातल पर उतारने का मिला टास्क

मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से घुसपैठिए होंगे चिन्हित….बाबूलाल मरांडी

झारखंड के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की अप्रत्याशित वृद्धि…आदित्य साहू

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पार्टी के सभी 27 नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों का सम्मान और अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू,क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने जिलाध्यक्षों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया और उनके यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं की।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता ने किया।

इसके पूर्व मंचस्थ पदाधिकारियों ने आज जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी को पुष्पगुच्छ ,अंगवस्त्र देकर बधाई शुभकामनाएं दी।

स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दुमका रूपेश मंडल, पाकुड़ श्रीमती सरिता मुर्मू, जामताड़ा सुमित शरण देवघर सचिन रवानी, गोड्डा श्रीमती लक्ष्मी चक्रवर्ती, साहेबगंज गौतम यादव, धनबाद (ग्रामीण) मोहन कुंभकार,धनबाद (महानगर) श्रवण राय, गिरिडीह (महानगर) रंजीत कुमार राय,गिरिडीह (ग्रामीण) महेंद्र वर्मा,हजारीबाग विवेकानंद सिंह, चतरा रामदेव भोक्ता, रामगढ़ संजीव कुमार, रांची (महानगर) वरुण साहू,रांची (पूर्वी) विनय महतो धीरज रांची (पश्चिम) नरेंद्र सिंह,गुमला सागर उरांव, सिमडेगा दीपक पुरी,पलामू अमित तिवारी, लातेहार बंशी यादव, चाईबासा श्रीमती गीता बालमुचू, चक्रधरपुर दीपक पासवान,सरायकेला खरसावां हरिकृष्ण प्रधान,कोडरमा..अनूप जोशी, जमशेदपुर महानगर..संजीव सिन्हा, खूंटी..आनंद कुमार, गढ़वा..उदय कुशवाहा शामिल हुए।
नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के नेताओं ने बधाई शुभकामनाएं दी है।

संगठन विस्तार ,मजबूती की दृष्टि से पार्टी ने रांची ग्रामीण को पूर्वी और पश्चिमी दो जिलों में बांटा है , चक्रधरपुर और गिरिडीह ग्रामीण भी दो नए सांगठनिक जिले बनाए गए हैं।
जिलाध्यक्षों के चयन में सर्व स्पर्शी ,सर्व व्यापी भाजपा का ध्यान रखते हुए महिला सशक्तिकरण पर भी बल दिया गया है।

बैठक में शामिल सभी विधानसभा क्षेत्रों के बीएल ए..1 को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जो रिपोर्ट सामने आए हैं उसमें राज्य के 72 विधानसभा क्षेत्रों की डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि 2019 से 24 के बीच इस विधानसभा में 10% की मतदाता वृद्धि हुई है लेकिन जब गहराई से देखेंगे तो गैर मुस्लिम मतदाताओं में जहां 7% की वृद्धि हुई है वहीं मुस्लिम मतदाताओं में 78% की वृद्धि हुई है। इसी प्रकार से प्रत्येक विधानसभा में वृद्धि अप्रत्याशित दिख रही जो बता रहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देकर मतदाता बनाया गया है।

कहा कि यह कोई सामान्य वृद्धि नहीं बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है।

उन्होंने बैठक में शामिल जिलाध्यक्षों एवं बीएल ए 1 को चुनाव आयोग के साथ मिलकर अवैध मतदाताओं को चिन्हित कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।

48 नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत दिलाने का लें संकल्प…आदित्य साहू

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कहा कि नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को संकल्प लेने की जरूरत है ।आगामी निकाय चुनाव में सभी 48 नगर निकाय की सीटों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रचंड जीत हो।

उन्होंने राज्य की निकम्मी सरकार के वादा खिलाफी,लूट भ्रष्टाचार को उजागर करने का आह्वान किया।

श्री साहू ने इंडी गठबंधन के लोग जिसमें कांग्रेस झामुमो राजद शामिल हैं एसआईआर के खिलाफ जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। चुनाव आयोग निष्पक्ष संस्था है और कांग्रेस के लंबे कार्यकाल में भी एस आई आर होता रहा है।

कहा कि एसआईआर भारत के निवासी मतदाताओं केलिए कोई परेशानी वाला पुनरीक्षण नहीं है।देश के नागरिक को इससे कोई दिक्कत नहीं है लेकिन जो दल घुसौसीठियों को वोट बैंक बना चुके हैं उन्हें दिक्कत हो रही है।

कहा कि साहेबगंज के केवल उधवा प्रखंड में 78% मतदाता वृद्धि सवाल खड़ी करती है।एसआईआर से ही इसका समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि एस आई आर को दल से जोड़ कर नहीं देखा जाना चाहिए।मतदाता सूची में सुधार सभी दलों की जिम्मेवारी है।जो भारत का नागरिक नहीं वह मतदाता भी नहीं हो सकता।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी एस आई आर की प्रक्रिया एवं उसकी बारीकियों,उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

राज्य में अपराधी बेलगाम, पुलिस मस्त: आदित्य साहू

जगन्नाथपुर मौसीबाड़ी खटाल के पास से लापता हुए मासूम बच्चों अंशिका कुमारी और अंश कुमार के मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री आदित्य साहू ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के माता-पिता से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर श्री आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा की राज्य में अपराधी बेलगाम हो चुके है, और पुलिस मस्त है।

उन्होंने कहा की अपराधी की संवेदनहीनता पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि इस गंभीर घटना पर मुख्यमंत्री और मंत्री पूरी तरह मौन हैं। इतने दिन बीत जाने के बावजूद सरकार का कोई भी प्रतिनिधि पीड़ित परिवार की सुध लेने तक नहीं पहुँचा, जो यह दर्शाता है कि यह सरकार गरीब और असहाय लोगों की चिंता नहीं करती है।

उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की घटना किसी विशेष समुदाय के साथ घटती, तो पूरी सरकार उनके दरवाजे पर खड़ी नजर आती। मुआवज़े की घोषणाओं की झड़ी लग जाती और संवेदनाएं दिखाने की होड़ मच जाती। लेकिन यहां पीड़ित एक साधारण परिवार है, इसलिए सरकार की संवेदना और संवैधानिक जिम्मेदारी दोनों नदारद हैं।

श्री साहू ने आगे कहा कि यह घटना रांची जैसे राज्य की राजधानी के बीचो-बीच, एक पॉश इलाके में घटी है, जहाँ से विधानसभा, प्रोजेक्ट भवन और झारखंड हाईकोर्ट महज़ कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना का घटित होना राज्य की विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि जब राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में मासूम बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरे राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा इस लापरवाही, असंवेदनशीलता और प्रशासनिक विफलता के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

इस मौके पर अमर कुमार बाउरी, सरोज सिंह, हेमंत दास, अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन, वरुण साहू, धीरज महतो, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, सूरज चौरसिया, उमेश यादव, उमेश तिवारी, पूनम जायसवाल, नीलम चौधरी, नीरज सिंह सहित कई उपस्थित थे।।

SUBSCRIBE FOR UPDATES