Skip to main content

आगरा के पागलखाने में ही स्वास्थ्य मंत्री का समुचित इलाज संभव : अमर कुमार बाऊरी

इरफान अंसारी के समर्थकों द्वारा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाली, सभी दोषियों की हो अविलंब गिरफ्तारी

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि लगता है झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री का स्वास्थ्य काफी खराब हो चुका है। इस स्थिति में रांची के कांके स्थित पागलखाना में उनका इलाज संभव नहीं दिख रहा है। इरफान अंसारी का रोग इस कदर बढ़ गया है कि अब योगी आदित्यनाथ के प्रदेश स्थित आगरा के पागलखाने में ही उनका समुचित इलाज संभव है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी चाहिए कि अविलंब विशेष सेवा विमान से अपने स्वास्थ्य मंत्री को आगरा भेजने की व्यवस्था करें, ताकि वहां उनका समुचित इलाज हो सके।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आज हजारीबाग में सवाल पूछे जाने पर पत्रकारों के साथ इरफान अंसारी के समर्थकों द्वारा मारपीट की घटना पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाली है। कहीं न कहीं पत्रकारों पर यह हमला सीधे-सीधे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कुचलने की साजिश है। दो तीन पहले ही स्वास्थ्य मंत्री रांची के एक मीडिया हाउस पर 11 करोड़ का नोटिस भेज चुके हैं और आज एक पत्रकार पर सरेआम मंत्री और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जानलेवा हमला। आखिर ये स्वास्थ्य मंत्री हैं या अराजक मंत्री ?

प्रदेश महामंत्री ने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या हेमंत सरकार में अब सवाल पूछने पर लाठी और गुंडागर्दी से जवाब दिया जाएगा? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ ऐसे मंत्री से भला पूरे राज्य का स्वास्थ्य महकमा कैसे संभलेगा ? राज्य सरकार को पहले इनका मानसिक इलाज कराने की जरूरत है। जब तक इनका पूरी तरह मानसिक इलाज नहीं हो जाए तब तक इन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर देना चाहिए।

प्रदेश महामंत्री ने हजारीबाग पुलिस प्रशासन से सभी दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने और उन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


SUBSCRIBE FOR UPDATES