Skip to main content

हेमंत सरकार में हिंदू आस्था पर लगातार हो रहे हमले….आदित्य साहू

रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं पर लाठी बरसाने वाले पुलिस कर्मियों की हो बर्खास्तगी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने आज हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा। श्री साहू ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने गए माता के भक्तों, पर पुलिस कर्मियों द्वारा हुए बर्बर लाठीचार्ज पर कड़ा रोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों से हेमंत सरकार ने हिंदुओं की आस्था,पर्व त्यौहार,पूजा पाठ में पुलिस प्रशासन द्वारा बाधा पहुंचाई जा रही। विगत वर्ष तो सरहुल पूजा की शोभा यात्रा को भी पुलिस कर्मियों ने नहीं बख्शा था।

कहा कि दशहरा,रामनवमी ,शिवरात्रि में भी कभी मूर्ति छोटा करने,कभी झंडा छोटा करने कभी शोभा यात्रा का मार्ग बदलने जैसे राज्य सरकार के निर्णयों ने पुलिस प्रशासन के मनोबल को हिंदू सनातन विरोधी बना दिया है।

उन्होंने कहा कि आखिर रजरप्पा में आखिर क्यों निहत्थे श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई गईं। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया।

श्री साहू ने पूछा कि क्या ये श्रद्धालु कोई आतंकवादी थे, कोई चोर डकैत अपराधी थे? ऐसी लाठियां तो अपराधियों पर ही बरसाई जाती है।

कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि अपराधियों गुंडों,बदमाशों के सामने राज्य पुलिस शरणागत बनी रहती है और आम आदमी को प्रताड़ित करती है। कोयला,बालू पत्थर की चोरी करने वालों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई जाती।

कहा कि विगत दिनों मधुपुर में मंदिर का जीर्णोद्घार करते हुए दलितों पर हुए हमले में पुलिस क्यों मूकदर्शक बनी रही। वहां दोषियों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई गई। सरकार का दोहरा चरित्र झारखंड की जनता देख रही।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे निरंकुश पुलिस कर्मियों को सख्त सजा दे, उन्हें सेवा से बर्खास्त करे।


SUBSCRIBE FOR UPDATES