Skip to main content

कांग्रेस पार्टी देश की ओरिजिनल वोट चोर पार्टी है—प्रतुल शाहदेव

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान का नहीं, बल्कि वोट चोरी और संस्थाओं के दुरुपयोग का रहा है। आज जब भी भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतती है, कांग्रेस और उसका पूरा विपक्ष चुनाव आयोग, ईवीएम और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला शुरू कर देता है, लेकिन जब वही विपक्ष चुनाव जीत जाता है तो उसे लोकतंत्र की जीत बताने में देर नहीं लगती।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आज़ादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री के चयन की प्रक्रिया ही कांग्रेस की वोट-चोरी मानसिकता का सबसे बड़ा प्रमाण है। प्रधानमंत्री बनने के लिए कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्षों के मतदान में सरदार वल्लभभाई पटेल को 28 वोट मिले थे, जबकि जवाहरलाल नेहरू को मात्र 2 वोट। इसके बावजूद लोकतांत्रिक निर्णय को दरकिनार कर नेहरू जी को प्रधानमंत्री बना दिया गया। इससे बड़ा वोट चोरी और जनमत की अवहेलना का उदाहरण देश के इतिहास में नहीं हो सकता।इलाहाबाद हाईकोर्ट ने देश के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का चुनाव अवैध घोषित किया, क्योंकि न्यायालय ने पाया कि चुनाव नियमों के अनुरूप नहीं हुआ था। यह भी वोट चोरी का ही एक रूप था।

1975 में इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल थोपना लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था। 1976 में होने वाले आम चुनाव में जनता को वोट देने का संवैधानिक अधिकार था, लेकिन आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने यह अधिकार जनता से छीन लिया। यह सीधे-सीधे जनता के वोट की चोरी थी।प्रतुल शाहदेव ने कहा कि सोनिया गांधी का नागरिक बने बिना मतदाता सूची में नाम दर्ज होना भी वोट चोरी का ही एक उदाहरण है, जिसे कांग्रेस ने हमेशा की तरह सत्ता के प्रभाव से दबाने की कोशिश की।

  • ईवीएम में खोट होता तो विपक्ष ने 2014 के बाद के 74 विधानसभा चुनाव में 30 कैसे जीत लिया

प्रतुल शाहदेव ने ईवीएम विवाद पर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में 74 बड़े विधानसभा चुनाव हुए, जिनमें से 44 में एनडीए को जीत मिली और 30 में विपक्ष ने जीत हासिल की। अगर ईवीएम में खोट होती, तो विपक्ष इन 30 चुनावों में कैसे जीतता? सच यह है कि विपक्ष हारने पर बहाने ढूंढती है और जीतने पर चुप्पी साध लेती है।


SUBSCRIBE FOR UPDATES